Breaking News

मुश्ताक खान को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई: 75 साल की उम्र में निधन, राजपाल यादव बोले- दो घंटे पहले ही हुई थी मुलाकात

मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान को शुक्रवार को अंतिम विदाई दी गई। 75 वर्षीय अभिनेता का गुरुवार शाम निधन हो गया था। लंबे समय तक फिल्मों में अपने कॉमिक और सपोर्टिंग किरदारों से दर्शकों के बीच पहचान बनाने वाले मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

जुमे की नमाज के बाद उनकी जनाजे की नमाज अदा की गई, जिसके बाद उन्हें यारी रोड कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके परिवार के मुताबिक, मुश्ताक खान लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। करीब पांच साल पहले उन्हें बीमारी का पता चला था और इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हाल में बीमारी दोबारा सामने आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

चार दशक से ज्यादा का फिल्मी सफर

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर में जन्मे मुश्ताक खान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। वर्ष 1980 में फिल्म ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा।

चार दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। ‘आशिकी’, ‘सड़क’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘क्रांतिवीर’, ‘राजा’, ‘मेजर साब’, ‘मन’, ‘हेरा फेरी’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘जोड़़ी नंबर 1’ और ‘राउडी राठौर’ जैसी फिल्मों में उनके किरदार नजर आए।

2007 में रिलीज हुई ‘वेलकम’ में बल्लू के किरदार से उन्हें खास पहचान मिली। इसके बाद ‘वेलकम बैक’, ‘स्त्री’ और ‘स्त्री 2’ समेत कई फिल्मों में उन्होंने अभिनय किया।

टीवी और फिल्मों में भी लगातार सक्रिय रहे

मुश्ताक खान ने फिल्मों के साथ टेलीविजन पर भी काम किया। वे ‘अदालत’, ‘चाचा चौधरी’, ‘टेढ़े-मेढ़े सपने’ और ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे टीवी शो का हिस्सा रहे।

हाल के वर्षों में भी वे अभिनय करते रहे। 2025 में वे ‘जाट’, ‘उदयपुर फाइल्स’ और ‘किस किसको प्यार करूं 2’ में नजर आए। 2026 में उनकी ‘भाभीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’, ‘हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं’ और ‘कोकीन’ जैसी फिल्मों में मौजूदगी रही।

राजपाल यादव ने साझा की आखिरी मुलाकात

मुश्ताक खान के निधन के बाद उनके साथी कलाकारों ने उन्हें याद किया। राजपाल यादव ने बताया कि निधन से करीब दो घंटे पहले ही उन्होंने मुश्ताक खान से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि उस मुलाकात में मुश्ताक खान ने उन्हें देखा, हाथ मिलाया और उनकी बातें सुनी थीं।

राजपाल यादव ने कहा कि इतनी कम समय पहले हुई मुलाकात के बाद उनके निधन की खबर पर यकीन करना मुश्किल है।

सनी देओल और अनुपम खेर ने भी जताया दुख

मुश्ताक खान के निधन पर सनी देओल और अनुपम खेर समेत कई कलाकारों ने शोक जताया। सनी देओल ने उन्हें अच्छा इंसान और बेहतरीन अभिनेता बताते हुए उनके साथ बिताए समय को याद किया।

अनुपम खेर ने भी मुश्ताक खान के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने उनके सहज स्वभाव और शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर को याद करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

2024 में हुआ था अपहरण

मुश्ताक खान नवंबर 2024 में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्हें एक अवॉर्ड कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाने के बहाने बुलाकर कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था। आरोपियों ने उन्हें दिल्ली से मेरठ ले जाने के दौरान बंधक बनाया और फिरौती की मांग की थी।

बताया गया था कि करीब 12 घंटे तक बंधक रहने के बाद मुश्ताक खान मौका पाकर वहां से निकल गए थे। पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

About NW-Editor

Check Also

सलमान के बयान पर विवेक ओबेरॉय का रिएक्शन: बोले- ट्रोलिंग से बेहतर है सकारात्मक कामों पर ध्यान देना, नकारात्मकता से दूर रहने की दी सलाह

मुंबई। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और बॉडी-शेमिंग को लेकर इन दिनों बॉलीवुड में चर्चा तेज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *