Breaking News

मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से दो लोगो की हुई मौत: पांच घायल; वेल्डिंग सपोर्ट टूटने से हुआ हादसा

मुंबई। मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक आगे की ओर गिर गई, जिसके नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में पांच और सात साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, गणेश प्रतिमा को लालबाग से भुलेश्वर स्थित पंडाल तक ले जाया जा रहा था। बलराम मर्चेंट रोड पर पंडाल से करीब 50-60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया। इससे प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह लोगों की ओर जा गिरी।

प्रतिमा गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। कई लोग उसके नीचे दब गए। हादसे में प्रतिमा भी तीन हिस्सों में टूट गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। क्रेन की मदद से प्रतिमा को हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी के रूप में हुई है। संकेत नेवशे संबंधित गणेश मंडल के अध्यक्ष बताए गए हैं।

हादसे में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

आगमन समारोह के दौरान हुआ हादसा

यह हादसा गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान हुआ। मुंबई में गणेशोत्सव से पहले विभिन्न गणेश मंडलों की ओर से प्रतिमाओं को जुलूस के साथ पंडाल तक लाया जाता है। इन जुलूसों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

प्रतिमा को विशाल सांप के बैकग्राउंड से सजाया गया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि प्रतिमा को ले जाने वाले ढांचे में तकनीकी खामी थी या नहीं। दावा किया जा रहा है कि प्रतिमा को फैक्ट्री से बाहर निकालने से पहले नट-बोल्ट में खराबी सामने आई थी, जिसे ठीक करने के बाद प्रतिमा को जुलूस के लिए रवाना किया गया।

पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद तीन हिस्सों में टूटी प्रतिमा को डंपर पर रखा गया और बाद में गिरगांव चौपाटी के समुद्र में विसर्जित कर दिया गया।

 

About NW-Editor

Check Also

लक्षद्वीप के पास 3,000 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 5 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार; ईरानी नाव से मुंबई ले जा रहे थे नशीला पदार्थ

मुंबई। अरब सागर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोस्ट गार्ड और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *