खखरेरू (फतेहपुर), धाता विकास खंड क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में सर्पदंश की दर्दनाक घटनाओं में एक वृद्धा समेत दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम छा गया, जबकि राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना उकाथू गांव की है, जहां स्वर्गीय महकू की 65 वर्षीय पत्नी फुलिया देवी बुधवार सुबह करीब 7 बजे घर के पास स्थित खेत में धान की बेड़ काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बेटी उन्हें घर लेकर आई। परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि फुलिया देवी ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि वह अपनी बेटी के साथ रह रही थीं।
दूसरी घटना अदंमऊ गांव की है। यहां मोनी देवी (30), पत्नी विष्णु सिंह, मंगलवार देर रात घर में सो रही थीं। रात करीब एक बजे उन्हें सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल व लिखापढ़ी की। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को शासन की दैवीय आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों और रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खेतों में कार्य करते समय तथा रात्रि में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

News Wani