Breaking News

बांदा में मतदाता सूची जारी, 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद में आगामी विधानसभा निर्वाचन को लेकर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार सुबह 10 बजे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन और पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 17 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। प्रकाशित सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने या अन्य आपत्ति होने पर मतदाता 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदेय स्थलों पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

जिले में कुल 1537 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। आलेख्य मतदाता सूची के अनुसार जनपद में कुल 12 लाख 40 हजार 375 मतदाता पंजीकृत हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में तिंदवारी में 3,12,416, बबेरू में 3,18,433, नरैनी में 3,25,368 और बांदा विधानसभा क्षेत्र में 2,84,158 मतदाता शामिल हैं।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और उनकी सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय में उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों और आम नागरिकों का सहयोग जरूरी है।

About NW-Editor

Check Also

बुंदेलखंड की धरती पर महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रहीं बांदा की ‘लीलावती’, योगी सरकार की नीतियों और ‘मिशन शक्ति’ से मिला संबल

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बुंदेलखंड की वीर बेटियां आज केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *