खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के लोहापुर गांव की एक विवाहित महिला ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और बेसहारा छोड़ देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
लोहापुर निवासी लालती देवी ने बताया कि कुछ समय पहले पति रविकरण से पारिवारिक विवाद होने पर मामला परिवार परामर्श केंद्र फतेहपुर पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। समझौते के बाद पति उसे अपने साथ हरियाणा ले गया, लेकिन वहां भी आए दिन विवाद और मारपीट का सिलसिला जारी रहा।
महिला का आरोप है कि लगातार होने वाले झगड़ों के कारण उसके पति की कंपनी की नौकरी भी चली गई। पीड़िता का कहना है कि हरियाणा से लौटने के दौरान उसका पति उसे खागा रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चला गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की।
उधर, खखरेरू थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पति से भी बातचीत की गई है। उसके अनुसार वह पत्नी को खागा में दर्शन कराने के लिए छोड़कर गया था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
