कोलकाता। कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह हाईजैक की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। नोट में सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर विमान को हाईजैक करने की बात लिखी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही विमान के क्रू मेंबर्स ने पायलट को सूचित किया, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का एयरबस A320neo विमान कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में एक संदिग्ध नोट मिला। नोट में विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पायलट ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की। घटना के समय विमान में 93 यात्री और पांच क्रू मेंबर मौजूद थे। सभी की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान की गहन तलाशी की गई।
बताया गया है कि विमान विस्तारा की लिवरी के साथ संचालित किया जा रहा था। फिलहाल धमकी भरे नोट की सत्यता और इसे विमान में रखने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं विमान को धमकी देने की घटनाएं
देश में हाल के दिनों में विमानों को हाईजैक करने की धमकी मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले 7 नवंबर को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट के टॉयलेट में भी धमकी भरा नोट मिला था। इसके बाद विमान को वापस बेंगलुरु लाया गया और एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
वहीं, 13 अक्टूबर को फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। शुरुआती जांच में तकनीकी या संचालन संबंधी गलती की आशंका जताई गई थी।
इन घटनाओं के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है। कोलकाता-मुंबई फ्लाइट में मिली ताजा धमकी ने एक बार फिर हवाई यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
News Wani
