ग़ाज़ीपुर:कासिमाबाद: संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी व प्रथम संदर्भन इकाई स्तर पर भी ऑपरेशन के जरिये प्रसव की सुविधा शुरू की है। प्रभारी सीएमओ डॉ. रामकुमार की पहल पर कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर यह सुविधा शुरू हुई है। विगत दो दिनों में कासिमाबाद एफआरयू पर दो सिजेरियन डिलीवरी कराई जा चुकी हैं।जिसमें मुसल्लहपुर की नीलम देवी की सिजेरियन द्वारा बेटी एवं सलामतपुर की शालिनी कुशवाहा को बच्चा पैदा हुआ। सीएमओ के निरीक्षण के दौरान जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ पाए गए। उन्होंने बताया सर्जन के तबादले के वजह से कई महीनों से सीएचसी कासिमाबाद पर केवल सामान्य प्रसव ही करवाया जाता था।आपात स्थिति में सिजेरियन डिलीवरी के लिए गर्भवती को या तो निजी अस्पतालों पर जाना पड़ता था या अन्य जनपद या गाजीपुर मेडिकल कालेज से सम्बद्ध जिला अस्पताल ले जाना पड़ता था। जिससे मरीजों को गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ जाता था। जनपद में जिला अस्पताल के अलावा सीएचसी सैदपुर , मुहम्मदाबाद, जखनिया, भदौरा कासिमाबाद, बरुइन पर सिजेरियन डिलीवरी की जाती है। सीएमओ ने बताया कि एफआरयू पर डॉक्टरों की भी अलग-अलग दिन अलग-अलग स्थानों पर सेवाएं देने की व्यवस्था की गई है। डॉ. रामकुमार ने बताया कि सीएचसी व एफआरयू स्तर पर ऑपरेशन से प्रसव शुरू होने के बाद एंबुलेंस 108 सेवा पर भी दबाव कम होगा।

News Wani