फतेहपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सभागार में बुधवार को ब्लड बैंक की समन्वय बैठक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लड सेंटरों के प्रतिनिधियों के साथ रक्त संचरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। रक्त की उपलब्धता बनाए रखने के साथ ही रक्तदान शिविरों के आयोजन और शासन को समय से रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में ब्लड सेंटरों में उपलब्ध रक्त यूनिटों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा क्रॉस मैचिंग की प्रक्रिया, एलटीओ को प्रशिक्षण देने तथा रक्त संचरण व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने जरूरत के समय मरीजों को समय से रक्त उपलब्ध कराने के लिए सभी ब्लड सेंटरों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने सभी ब्लड बैंक संचालकों से टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके उपचार के साथ-साथ पोषण संबंधी जरूरतों में सहयोग करने की अपील की। इस पर सभी ब्लड बैंक संचालकों ने सहमति जताते हुए टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण आहार उपलब्ध कराने की बात कही।
इस पहल से टीबी मरीजों को नियमित उपचार के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे मरीजों के पोषण स्तर में सुधार लाने और उपचार प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहयोग मिलने की उम्मीद है।
बैठक में जिला चिकित्सालय के डॉ. अभिषेक सिंह, आभा ब्लड बैंक सेंटर के डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मानस ब्लड सेंटर के डॉ. कैलाश पटेल, श्याम ब्लड बैंक के डॉ. प्रवीण कुमार, चैरिटेबल सेंटर सौराहा के डॉ. आशीष कुमार, टीबी-एचआईवी कोऑर्डिनेटर मो. नसीम, काउंसलर दीपाली वर्मा, मो. फैज, प्रशांत चतुर्वेदी समेत संबंधित लोग मौजूद रहे।
News Wani
