भांवरकोल,गाजीपुर।जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोंड़ऊर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में रोष व्याप्त है। मसौनी (पोस्ट गोंड़ऊर) निवासी श्री नीतीश कुमार राय द्वारा आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर दर्ज शिकायत (संदर्भ संख्या 15195260157643) के जवाब में विभाग द्वारा सौंपी गई आख्या से केंद्र की बदहाल स्थिति उजागर हुई है।
एक्स-रे मशीन खराब, नई मशीन की मांग
नीतीश कुमार राय ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से सीएचसी गोंड़ऊर पर एक्स-रे मशीन और सीटी स्कैन मशीन स्थापित कराए जाने की मांग की थी। इसके जवाब में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी / प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस, गाज़ीपुर ने आख्या में स्पष्ट किया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोंड़ऊर में एक्स-रे मशीन स्थापित तो है, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह पूरी तरह बंद पड़ी है और अब मरम्मत के योग्य नहीं रह गई है।
विभाग के अनुसार, नई एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने के लिए महानिदेशालय से मांग की गई है, और जैसे ही मशीन प्राप्त होगी, उसे स्वास्थ्य केंद्र पर स्थापित कर दिया जाएगा।
सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने से इनकार
सीटी स्कैन मशीन लगाने की मांग पर विभागीय आख्या में कहा गया है कि वर्तमान समय में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने का कोई सरकारी प्रावधान नहीं है। इस आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकायत को निस्तारित करने योग्य मानते हुए मामले को बंद कर दिया है।
ग्रामीणों में असंतोष
स्वास्थ्य केंद्र पर एक्स-रे मशीन खराब होने से दूर-दराज से आने वाले मरीजों को निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द नई एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने की मांग की है।

News Wani