फतेहपुर। पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में शनिवार को पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. सूर्यकुमार ने सरकारी योजनाओं, रोजगार के अवसरों और सुशासन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर बेरोजगार युवा और जरूरतमंद लोग अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार सामने आने पर जनता को प्रमाण सहित शिकायत करनी चाहिए, ताकि कार्रवाई के जरिए व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. सूर्यकुमार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विकासखंड स्तर पर अलग-अलग व्यवसायों के लिए प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और टूलकिट उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। युवाओं को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सुशासन केवल सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनता की भागीदारी भी जरूरी है। यदि कहीं भ्रष्टाचार, बेईमानी या प्रशासनिक अनियमितता दिखाई दे तो उसके प्रमाण के रूप में वीडियो, ऑडियो या दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं। भ्रष्टाचार निवारण एवं सतर्कता विभाग द्वारा ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. सूर्यकुमार ने बताया कि जनता के सहयोग से प्रदेश स्तर पर सुशासन समिति गठित की गई है। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों के सत्यापन और निष्कासन से जुड़े अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि अब तक करीब पांच लाख अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की जांच कर उन्हें वापस भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि बांग्लादेश और पाकिस्तान से प्रताड़ित होकर भारत आए हिंदू, सिख, सिंधी, पंजाबी, जैन आदि समुदायों के लोगों को चिन्हित कर नागरिकता के लिए आवेदन कराए जाने की जानकारी भी दी गई है।
उन्होंने जनता से अपील की कि प्रशासनिक स्तर पर किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त न करें और संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाकर उसके समाधान में सहयोग करें। शिकायत या सूचना प्रमाण सहित 9454450307 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी जा सकती है।
पूर्व पुलिस महानिदेशक ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने की भी अपील की। इस मौके पर पत्रकार दिनेश तिवारी भी मौजूद रहे।
News Wani
