फतेहपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ के तहत पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है।
उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर पात्र युवा, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिक, छूटे हुए मतदाता, महिलाओं, दिव्यांग एवं बेघर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान में महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण समेत विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा।
डीएम ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी मतदाता सूची में नहीं है, वे अपने मतदान केंद्र पर पदाभिहित अधिकारी या बीएलओ से फॉर्म प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म लिए जा सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट तथा निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 जमा किए जा सकते हैं। डीएम ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और यदि नाम छूटा हुआ है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर उसे मतदाता सूची में शामिल कराएं।
News Wani
