खागा, फतेहपुर। मिशन शिक्षा फतेहपुर की ओर से आयोजित होने वाली सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता को लेकर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बा स्थित लक्ष्मी मैरिज हॉल में शिक्षकों की बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षकों ने प्रतियोगिता में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।
प्रतियोगिता के आयोजक एवं ग्राम पंचायत अधिकारी विजय सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण और गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से लगातार दो वर्षों से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्राथमिक, जूनियर और इंटर स्तर के विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के माहौल से परिचित कराना है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को साइकिल और अध्ययन सामग्री देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 18 अक्टूबर को जनपद की सीमा के पास स्थित स्वर्गीय तिलक राज महाविद्यालय में कराया जाएगा। वहीं 27 अक्टूबर को प्रेमनगर के लक्ष्मी मैरिज हॉल में परिणाम घोषित करने के साथ पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ पूर्व प्रधानाध्यापक रामपाल पाल, एमबी कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षक सुशील कुमार नामदेव, जनता इंटर कॉलेज के श्रवण कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक संजय सिंह, विवेक सिंह, अतुल कुमार और धीरेंद्र कुमार समेत क्षेत्र के कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
News Wani
