फतेहपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत सभी विकास खंडों में चित्रकला एवं रंगोली महोत्सव का आयोजन किया गया। विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकासपरक उपलब्धियों को रंगों के जरिए प्रदर्शित किया गया।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना के नेतृत्व में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के समस्त विकास खंडों एवं विकास खंड कार्यालय परिसरों में चित्रकला और आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं।
रंगोली एवं चित्रकला के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करते हुए ‘विकसित भारत’ का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना को रंगों में उकेरा।
विकास खंड खजुहा एवं अमौली में आयोजित चित्रकला एवं रंगोली महोत्सव में जहानाबाद विधायक राजेन्द्र पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजन का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों एवं चित्रकलाओं को देखा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की विकासपरक उपलब्धियों को रचनात्मक माध्यम से आमजन तक पहुंचाने के साथ ही लोगों में सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

News Wani