महोबा चरखारी,शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बाँदा के साथ तहसील चरखारी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। आयुक्त ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान 15 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
आयुक्त ने वर्षा से हुई जनहानि, पशुहानि एवं मकान क्षति का राजस्व टीम के माध्यम से तत्काल सर्वे कराकर नियमानुसार पात्र प्रभावितों को 03 दिवस के अन्दर क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार का विलम्ब न हो।
समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चरखारी का औचक निरीक्षण किया। केन्द्र पर साफ-सफाई, पेयजल, सीसीटीवी की क्रियाशीलता एवं दवाओं की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। हालांकि चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित नहीं था। इस पर उन्होंने तत्काल अद्यतन ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर लगाने तथा रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में गोवंश के लिए चारा, पानी एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, गांवों एवं नगरीय क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता तथा जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं से ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत विभाग द्वारा सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य एवं मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही लंबित राजस्व वादों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण कराने पर विशेष जोर दिया।
आयुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारी क्षेत्र में नियमित भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण करते हुए जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करें। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

News Wani