फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से शनिवार को गया प्रसाद शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज, तारापुर असनी, भिटौरा में करियर काउंसलिंग कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 68 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर रोजगार और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
कार्यशाला में प्रभारी करियर काउंसलिंग शशांक पांडेय ने विद्यार्थियों को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल, सेवायोजन पोर्टल तथा भारत सरकार के एनसीएस पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पोर्टलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों, रिक्तियों और करियर से संबंधित सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज सिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार के अवसरों की जानकारी हासिल करने और सरकारी पोर्टलों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवायोजन कार्यालय की टीम ने धाता और भिटौरा विकासखंड में आयोजित शिविरों में भी सहभागिता की। इस दौरान चंद्र किशोर, शशांक पांडेय और अतुल कुमार ने शिविर में पहुंचे लोगों को विभागीय पोर्टलों की जानकारी देने के साथ ही करियर से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया।
अधिकारियों ने युवाओं को बताया कि सरकारी रोजगार पोर्टलों पर पंजीकरण कर वे अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध नौकरियों, रोजगार मेलों और अन्य करियर अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस तरह की काउंसलिंग कार्यशालाओं का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के बदलते अवसरों और सही करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना है।
News Wani
