फतेहपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से एक जनपद, एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत युवाओं, पारंपरिक शिल्पियों एवं कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आयरन फैब्रिकेशन ट्रेड में 10 दिवसीय निःशुल्क कौशल एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को विभाग की ओर से अधिकतम 20 हजार रुपये मूल्य तक की उन्नत टूलकिट निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
विभाग ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होना आवश्यक है। इसके साथ ही आवेदक का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के लिए किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की बाध्यता नहीं रखी गई है।
प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क और गैर-आवासीय होगा। प्रशिक्षण संतोषजनक ढंग से पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को 200 रुपये प्रतिदिन की दर से मानदेय डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में दिया जाएगा।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अधिकृत संस्था द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा और सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
योजना के तहत पिछले दो वर्षों में संबंधित ट्रेड की टूलकिट का लाभ प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा पति-पत्नी में से परिवार के किसी एक सदस्य को ही योजना का लाभ दिया जाएगा।
News Wani
