फतेहपुर। 48 महीनों से लंबित मानदेय का भुगतान न होने से नाराज आदर्श साक्षरता कर्मी वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षा प्रेरकों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को जिलाध्यक्ष शशिकांत यादव और महामंत्री प्रभात कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पहुंचा और शासन स्तर पर लंबित मानदेय का जल्द भुगतान कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। हालांकि, मुलाकात के दौरान जिम्मेदार अधिकारी के कथित अड़ियल और अनुशासनहीन रवैये से शिक्षा प्रेरकों में भारी नाराजगी फैल गई।
संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि जब वे अपनी जायज मांगों और शासनादेशों के संदर्भ में बीएसए के समक्ष पहुंचे, तो उनके साथ एक लोकसेवक के अनुरूप व्यवहार नहीं किया गया। अपनी समस्याओं का समाधान तलाशने पहुंचे शिक्षा प्रेरकों के प्रति कथित उपेक्षापूर्ण रवैये ने उनकी नाराजगी और बढ़ा दी। संगठन का कहना है कि इस तरह के प्रशासनिक व्यवहार से शिक्षा प्रेरकों के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है और उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बीएसए के कथित रवैये से नाराज संगठन ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 20 नवंबर तक बकाया मानदेय भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं होती है, तो 21 नवंबर से बीएसए कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
संगठन ने यह भी चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान यदि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है या प्रशासनिक स्तर पर कोई चूक होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांतीय अध्यक्ष विष्णु प्रताप सिंह, राजीव कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, दिलीप कुमार मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष ममता देवी (ऐरायां), सुनीता देवी, बीरेंद्र सिंह (धाता), सर्वेंद्र सिंह (हसवा), श्रीराम (खजुहा), आनंद, उजियारी लाल (अमौली), शेर आलम और लाखन सिंह (तेलियानी) सहित बड़ी संख्या में शिक्षा प्रेरक मौजूद रहे।
News Wani
