Breaking News

कानपुर में गंगा घाट पर हादसा, अंतिम संस्कार में पहुंचे युवक की डूबने से हुई मौत

कानपुर। शहर के भैरव घाट पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अपने ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया 22 वर्षीय युवक गंगा में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक की तलाश में पुलिस और जल पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

जानकारी के मुताबिक, बजरिया थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी मयंक चौरसिया अपने ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भैरव घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार के लोग गंगा किनारे हाथ-पैर धो रहे थे। इसी दौरान मयंक गंगा में नहाने के लिए उतर गए।

गंगा में उतरते ही वह तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जल पुलिस को भी बुलाया गया। युवक की तलाश के लिए दो स्टीमर और छह गोताखोरों की टीम को लगाया गया है। गंगा में पानी का स्तर चेतावनी बिंदु के करीब होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मयंक के गंगा में लापता होने की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद परिवार के सदस्यों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी है।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में 72 साल के बुजुर्ग से 48.20 लाख की साइबर ठगी, CBI अधिकारी बनकर किया डिजिटल अरेस्ट

कानपुर। स्वरूप नगर इलाके में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *