Breaking News

श्री जगन्नाथ मंदिर भूमि पूजन की तैयारियों का प्रशासन ने लिया जायजा

– मंदिर भूमि पूजन की तैयारियों का जायजा लेते डीएम-एसपी व अन्यं
फतेहपुर। शहर के पक्का तालाब रामगंज में आगामी दो नवंबर को प्रस्तावित श्री जगन्नाथ मंदिर के भव्य भूमि पूजन एवं कार्यारंभ समारोह की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। सोमवार को जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने आयोजकों समाजसेवी संतोष तिवारी व भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी के साथ मिलकर कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने समारोह की तैयारियों, श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या, आमंत्रित अतिथियों की सूची और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम रविंद्र सिंह ने आयोजकों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी अनूप सिंह ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने आयोजकों को प्रशासन के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। आयोजक संतोष तिवारी ने कहा कि श्री जगन्नाथ मंदिर का भूमि पूजन फतेहपुर के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा। यह मंदिर न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा। हम प्रशासन के सहयोग से सभी तैयारियां पूर्ण करने में जुटे हैं ताकि यह आयोजन भव्य और व्यवस्थित हो। भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। हमारी कोशिश है कि सभी अतिथियों और भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन के मार्गदर्शन में हम सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं। प्रशासन और आयोजकों की इस संयुक्त पहल से यह स्पष्ट है कि श्री जगन्नाथ मंदिर का भूमि पूजन समारोह न केवल धार्मिक उत्साह का केंद्र होगा, बल्कि यह फतेहपुर की सांस्कृतिक विरासत को भी समृद्ध करेगा।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में ऑपरेशन कन्विक्शन का असर, 2017 के मारपीट मामले में आरोपी दोषी करार

फतेहपुर। अपराधियों को सजा दिलाने और आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *