Breaking News

iPhone की EMI को लेकर विवाद के बाद पहाड़ पर पहुंचा युवक, बेटे को बचाने में पिता की भी गई जान; 300 फीट ऊंची पहाड़ी से मां ने भी लगाई छलांग

छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone की EMI को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद बेहद दर्दनाक हादसे में बदल गया। तीसगांव इलाके के करीब 300 फीट ऊंचे खवड्या पहाड़ पर बेटे के पहुंचने के बाद उसे बचाने गए पिता की भी गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। इस घटना को देखकर सदमे में मां ने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान 18 वर्षीय कुणाल चांदगुडे, उसके 48 वर्षीय पिता मुरलीधर चांदगुडे और 42 वर्षीय मां संगीता चांदगुडे के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर लिए हैं।

iPhone की EMI को लेकर पिता से हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, कुणाल ने iPhone खरीदा था, लेकिन उसकी EMI चुकाने में परेशानी हो रही थी। EMI भरने के लिए वह परिवार से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसका पिता से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद कुणाल गुस्से में घर से निकलकर खवड्या पहाड़ पर पहुंच गया।

करीब तीन घंटे तक पहाड़ की चोटी पर रहा युवक

गांव के पूर्व सरपंच संजय के मुताबिक, कुणाल सुबह करीब 10 बजे पहाड़ पर पहुंचा और दोपहर तक ऊंची चट्टान पर खड़ा रहा। वह लगातार अपनी जगह बदल रहा था। उसकी मां और अन्य लोगों ने उसे नीचे आने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था।

दमकल कर्मियों ने भी युवक को सुरक्षित बचाने के लिए पहाड़ की तलहटी में सुरक्षा जाल लगाया था। हालांकि, कुणाल लगातार अपनी स्थिति बदलता रहा, जिससे उसे बचाने में मुश्किल हुई।

बेटे को बचाने पहुंचे पिता, दोनों गहरी खाई में गिरे

कुणाल को बचाने के लिए उसके पिता मुरलीधर पहाड़ के उस हिस्से तक पहुंचे, जहां उनका बेटा खड़ा था। उन्होंने कुणाल को पीछे खींचने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरे।

बेटे और पति को गिरते देख मां ने भी उठाया खौफनाक कदम

बेटे और पति को पहाड़ से गिरते देखकर संगीता भी कुछ ही देर बाद पहाड़ से नीचे कूद गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तीनों के शव बरामद किए।

बताया जा रहा है कि कुणाल के छोटे भाई की भी करीब चार साल पहले मौत हो चुकी थी। इस हादसे के बाद परिवार पूरी तरह खत्म हो गया।

About NW-Editor

Check Also

मुंबई की रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग: ढाई साल के बच्चे समेत 2 की हुई मौत; 3 घंटे छत पर फंसे रहे 15 लोग

मुंबई के विले पार्ले इलाके में मंगलवार रात एक रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *