Breaking News

फतेहपुर में लूट का नाटक कर रुपये हड़पने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

फतेहपुर। माल बिक्री के 1.52 लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ने वाले दो शातिर आरोपियों का ललौली पुलिस, क्राइम डिटेक्शन टीम और सर्विलांस सेल ने पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों ने पिकअप का शीशा खुद तोड़ा और डैशबोर्ड पर तमंचा रखकर फायरिंग व लूट की फर्जी सूचना पुलिस को दी थी। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की जांच में उनकी साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.52 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है।

सोमवार को पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि 14 नवंबर को ललौली थाना क्षेत्र के महाखेड़ा गांव के पास पिकअप सवार से बाइक सवार बदमाशों द्वारा फायरिंग कर 1,52,735 रुपये और मोबाइल लूटने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो घटना संदिग्ध प्रतीत हुई। वाहन मालिक आशीष अवस्थी ने भी चालक राज शुक्ला की कहानी पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।

एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जाफरगंज के पर्यवेक्षण में ललौली पुलिस, क्राइम डिटेक्शन टीम और सर्विलांस सेल ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर लूट की कहानी झूठी निकली। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को राज शुक्ला और ओम सचान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में राज शुक्ला ने बताया कि उसने अपने साथी ओम सचान के साथ मिलकर माल बिक्री के रुपये हड़पने की साजिश रची थी। दोनों कानपुर नगर से पिकअप में ‘भाई-भाई’ ब्रांड के नमकीन लादकर बांदा जिले के बदौसा और बबेरू में डिलीवरी देने गए थे। वहां से उन्हें 1,52,735 रुपये मिले थे। इसमें से 735 रुपये खर्च करने के बाद शेष 1.52 लाख रुपये हड़पने की योजना बनाई।

बांदा से लौटते समय दोनों महाखेड़ा गांव के पास सुनसान स्थान पर रुके। राज ने रुपये नीले बैग में रखकर अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और बैग साथी ओम सचान को देकर उसे टेंपो से बिंदकी भेज दिया। इसके बाद पेचकस से पिकअप का शीशा तोड़ दिया और पहले से लाए गए तमंचे को डैशबोर्ड पर रखकर फायरिंग और लूट की झूठी सूचना पुलिस को दे दी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.52 लाख रुपये नकद, एक पोको मोबाइल फोन और एक पेचकस बरामद किया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज शुक्ला पुत्र सुशील शुक्ला निवासी स्टेशन रोड, घाटमपुर और ओम सचान पुत्र जय प्रकाश सचान निवासी अच्छि मोहल्ला, स्टेशन रोड, घाटमपुर, जिला कानपुर नगर के रूप में हुई है।

पुलिस टीम में सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, क्राइम डिटेक्शन टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार यादव, ललौली थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक आनंद वर्मा, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह, कांस्टेबल राहुल यादव, अशोक पटेल, पुष्पेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल अनुप्रिया सिंह, खुशी मौर्य, कांस्टेबल अमन सिंह, प्रमोद कुमार, अतुल तिवारी और राहुल कुमार शामिल रहे।

About NW-Editor

Check Also

समाजवादी पार्टी कार्यालय में वीरांगना ऊदा देवी को दी गई श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन

फतेहपुर। समाजवादी पार्टी कार्यालय में वीरांगना ऊदा देवी पासी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *