फतेहपुर। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य विभाग ने मिलावटी और दूषित मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राधानगर-बिंदकी रोड स्थित एक मिठाई के गोदाम पर छापा मारा। यहां जिले के बाहर से लाई गई मिठाइयों को ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों पर सप्लाई करने की तैयारी चल रही थी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बर्फी, रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं करीब 500 किलोग्राम रसगुल्ला और गुलाब जामुन सीज कर दिए गए। इसके अलावा करीब 100 किलोग्राम दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभिसूचना के आधार पर विनोद कुमार गुप्ता द्वारा संचालित मिठाई के गोदाम पर छापेमारी की। गोदाम में बड़ी मात्रा में बाहर से मंगाई गई मिठाइयां भंडारित मिलीं। इन मिठाइयों को रक्षाबंधन से पहले ग्रामीण बाजारों में पहुंचाने की तैयारी थी।
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बर्फी, रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने लिए। करीब 500 किलो रसगुल्ला और गुलाब जामुन को सीज कर दिया गया, जबकि करीब 100 किलो दूषित मिठाई मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
गोदाम की जांच के दौरान क्रीम एनालॉग के 48 पैकेट, कुल करीब 48 लीटर भी बरामद हुए। खाद्य विभाग के मुताबिक यह मिल्क प्रोडक्ट्स और रिफाइंड पामोलीन ऑयल से निर्मित था। इसके बिक्री एवं भंडारण पर रोक होने के कारण टीम ने इसे भी नष्ट कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चंद्र और देवेश मिश्रा शामिल रहे।
News Wani
