धाता, फतेहपुर। मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक में परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पंक्तिबद्ध बैठने की व्यवस्था के साथ मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन (एमडीएम) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह द्वारा प्रतिदिन मध्याह्न भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
गुरुवार को अड़ौली इंटर कॉलेज में खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने एमडीएम व्यवस्था के सभी मानकों को परखा। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह के साथ बैठकर भोजन चखा। जांच के दौरान भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था बेहतर पाई गई। बीईओ ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह की व्यवस्था निरंतर बनाए रखी जाए।
इससे पहले प्राथमिक विद्यालय डेंड़ासई, कंपोजिट विद्यालय केशव रायपुर केवटमई तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिद्धपुर में भी एमडीएम व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। यहां प्रधानाध्यापक सूर्य प्रकाश सिंह, सतीश कुमार सिंह और कंचन सिंह द्वारा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर बीईओ ने उनकी सराहना की।
डेंड़ासई विद्यालय में जांच के दौरान कुछ अभिभावक भी मौजूद रहे। उन्होंने भी बच्चों को दिए जा रहे भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता और विद्यालय की व्यवस्था की सराहना की।
बीईओ संजय कुमार सिंह ने कहा कि परिषदीय और सहायता प्राप्त सभी विद्यालयों में जहां एमडीएम योजना संचालित है, वहां साफ-सफाई, बच्चों के पंक्तिबद्ध बैठने की व्यवस्था, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि बच्चों के भोजन के समय कुत्ते, बिल्ली अथवा अन्य जानवर विद्यालय परिसर में प्रवेश न कर सकें। इसके साथ ही बच्चों के लिए उपलब्ध पेयजल भी स्वच्छ और सुरक्षित होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि एमडीएम व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
