Breaking News

श्रद्धा और अमन के माहौल में निकला चेहल्लुम का ताजिया जुलूस, ‘या हुसैन’ की सदाओं से गूंजा फतेहपुर

फतेहपुर। जिले में चेहल्लुम का पर्व पूरी अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया गया। अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों को खिराज-ए-अकीदत पेश की। शहर सहित गाजीपुर कस्बे में ताजिया जुलूस निकाला गया, जिसमें “या हुसैन” की सदाएं गूंजती रहीं। शहर क्षेत्र में निकाले गए ताजिए और आलम निर्धारित मार्गों से होते हुए सैय्यदवाड़ा स्थित कूड़ा तालाब पहुंचे, जहां मिलाप की रस्म अदा की गई। इसके बाद सभी ताजिए अपने-अपने इमामबाड़ों में रख दिए गए।

जिले में मोहर्रम और चेहल्लुम का पर्व हर वर्ष बड़ी अकीदत के साथ मनाया जाता है। बुधवार को शहर और गाजीपुर कस्बे में चेहल्लुम के अवसर पर ताजिया और आलम का जुलूस निकाला गया। इसमें ताजिया एवं आलम इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

शहर के जोशियाना, कबाड़ी मार्केट, पानी मोहल्ला और बाकरगंज से करीब दस ताजिए, आलम और अखाड़े निकाले गए। ये जुलूस दिनभर अपने कदीमी मार्गों तकीया चांद शाह, चौक चौराहा, पीलू तले चौराहा और लाला बाजार से होते हुए सैय्यदवाड़ा पहुंचे। रात करीब 10 बजे कूड़ा तालाब के पास सभी ताजियों का मिलाप कराया गया। इसके बाद ताजिए अपने-अपने इमाम चौक पहुंचे और जुलूस का समापन हुआ।

उधर, गाजीपुर कस्बे में भी ताजिया और आलम निकाले गए, जिन्हें देर रात तक देखने के लिए बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं शहर के जैदून और यूसुफजई मोहल्लों में भी चेहल्लुम के ताजिए निकाले गए। मुस्लिम बहुल इलाकों में पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा। जगह-जगह खीर, शरबत और जर्दा पर फातिहा दिलाई गई।

कमेटी के अध्यक्ष चौधरी मोइन रईन और महासचिव वारिसुद्दीन एडवोकेट अपनी पूरी टीम के साथ समय पर मिलाप संपन्न कराने और व्यवस्थाएं बनाए रखने में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिले में शांतिपूर्ण माहौल के बीच चेहल्लुम का जुलूस संपन्न होने पर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में 16 साल की किशोरी लापता, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप; परिवार ने दर्ज कराया केस

फतेहपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को शादी का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *