फतेहपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में किशोरी की मां ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक काफी समय से उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसला रहा था। आरोप है कि 18 सितंबर की रात करीब एक बजे युवक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया।
परिजनों के मुताबिक, किशोरी घर से जाते समय सोने-चांदी के जेवरात और करीब ढाई लाख रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गई। किशोरी के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद किशोरी की मां कल्याणपुर थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने पुलिस से नाबालिग किशोरी को जल्द बरामद करने और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।
News Wani
