खागा, फतेहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह समेत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने रोक दिया। नगर के जीटी रोड स्थित यशराज रिसॉर्ट में जन्मोत्सव कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता हुसैनगंज व सदर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए काफिले के साथ निकलने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस-प्रशासन ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।
इसके बाद मौके पर गहमागहमी बढ़ गई। भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा।
रिसॉर्ट में सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, पूर्व कोऑपरेटिव चेयरमैन उदय प्रताप सिंह, विजयीपुर प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य त्रिवेदी, भिटौरा के भाजपा नेता संतोष तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दूसरे क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए निकलने वाले थे।
इसी बीच एसडीएम अश्वनी पांडेय, सीओ रवि प्रकाश सिंह और भारी पुलिस बल ने उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए जुलूस अथवा काफिले के साथ आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
पूर्व कोऑपरेटिव चेयरमैन उदय प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति के इशारे पर प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि चार पहिया वाहनों से सीमित संख्या में लोगों के जाने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की बात समझ से परे है।
प्रशासन की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष समेत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को खागा गेस्ट हाउस में रोक दिया गया। स्थिति पर नजर रखने के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक लगातार अधिकारियों से पल-पल की जानकारी लेते रहे।
मौके पर हथगाम थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी, धाता थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी, खागा कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय, सीओ रवि प्रकाश सिंह, एसडीएम अश्वनी पांडेय, तहसीलदार पीयूष कुमार पांडेय समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
News Wani
