फतेहपुर। हज़रत सैय्यद मसऊद उर्फ़ शाह सैदू चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह का कदीमी सालाना उर्स मुबारक अकीदत व उत्साह के साथ मनाया गया। इसमें दूर-दराज़ से आए अकीदतमंदों ने शिरकत करते हुए फ़ातिहाख्वानी की और दुआएं मांगी।
शहर के कज़ियाना मोहल्ला स्थित हज़रत सैय्यद मसऊद उर्फ़ शाह सैदू चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह के उर्स मुबारक के मौके पर आखिरी दिन नमाज़-ए-फ़ज्र के बाद कुरआनख्वानी और नज़र-लंगर का आयोजन किया गया, जो देर शाम तक जारी रहा। रात्रि में नमाज़-ए-इशा के बाद जश्न-ए-मीलादुन्नबी की रस्म अदा की गई।
उर्स के पहले दिन शाम को नमाज़-ए-असर के बाद परचम कुशाई तथा रात्रि में नमाज़-ए-इशा के बाद जलसा-ए-किराअतुल कुरआन का आयोजन किया गया। जबकि दूसरे दिन कुरआनख्वानी और नज़र-लंगर हुआ।
उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने बारगाह पर पहुंचकर हाजिरी दी। उर्स के दौरान पहुंचे गद्दीनशीन हसनैन मियां चिश्ती ने अनुयायियों से मुलाकात की। साथ ही शहर के अमन, शांति और खुशहाली के लिए खास दुआ की।
दरगाह कमेटी ने बताया कि उर्स के अंतिम दिन नमाज़-ए-असर के बाद गागर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने गुलपोशी और चादरपोशी कर देश व समाज में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगी।
News Wani
