फतेहपुर। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों सहित अन्य उच्च कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उन्होंने बताया कि पूर्वदशम यानी कक्षा 9-10 तथा दशमोत्तर यानी कक्षा 11-12 और अन्य उच्च कक्षाओं के नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
वहीं, कक्षा 9-10 और 11-12 के नवीन श्रेणी के विद्यार्थी 17 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नए आवेदकों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी आवश्यक संलग्नकों के साथ विद्यालय में 22 अक्टूबर तक जमा करनी होगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवश्यक दस्तावेजों सहित हार्ड कॉपी विद्यालय में जमा करना अनिवार्य है, ताकि शिक्षण संस्थान स्तर से आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया जा सके।
विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, जिससे छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

News Wani