फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 32 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 23 का विभिन्न प्रतिष्ठानों में चयन किया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने बताया कि मेले में विजी इंडस्ट्रियल इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, फरीदाबाद (हरियाणा) की ओर से अग्रवाल एसोसिएट्स के निदेशक देवेश मित्तल ने प्रशिक्षार्थियों का साक्षात्कार लिया। इसके बाद 21 प्रशिक्षार्थियों का चयन 16,700 रुपये प्रतिमाह मानदेय पर किया गया।
वहीं, जनपद के जेके इंजीनियरिंग वर्क्स के निदेशक पुत्तन लाल विश्वकर्मा ने दो प्रशिक्षार्थियों का चयन 9,600 रुपये प्रतिमाह मानदेय पर किया।
मेले के माध्यम से चयनित प्रशिक्षार्थियों को शिक्षुता के अवसर उपलब्ध कराए गए। इससे उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ रोजगारपरक अनुभव प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

News Wani