Breaking News

फतेहपुर में खेत में मिला रोड रोलर चालक का शव, कई दिनों से था लापता; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के अकबर खेड़ा गांव में शनिवार सुबह खेत में रोड रोलर चालक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव सड़क से करीब 25 मीटर दूर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शव की पहचान कराई और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। प्रथम दृष्टया पुलिस आकस्मिक मौत मान रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

प्रधान विक्रमपुर गोरेलाल ने औंग थाना पुलिस को सूचना दी कि अकबर खेड़ा गांव के बाहर खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान रामपुर गांव निवासी सचिन सिंह ने शव की पहचान अपने मामा राम सिंह पुत्र गंगा सिंह, निवासी ग्राम टेनी, थाना खागा के रूप में की।

बताया गया कि राम सिंह पिछले करीब दस वर्षों से रोड रोलर चलाने का काम करते थे और अकबर खेड़ा से बीकमपुर तक बन रही सड़क पर रोड रोलर चला रहे थे। निर्माणाधीन सड़क के पास ही स्थित एक ट्यूबवेल पर वह रहते थे। परिजनों के अनुसार राम सिंह अविवाहित थे। वह शराब के आदी थे और बीमारी से भी परेशान चल रहे थे।

मृतक के भतीजे रोहित सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर बताया कि राम सिंह करीब दस वर्षों से क्षेत्र में रहकर रोड रोलर चलाने का काम कर रहे थे। कुछ दिनों से उनका पता नहीं चल रहा था। हालांकि परिजनों की ओर से किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए भी कोई स्पष्ट आरोप नहीं लगाया गया है।

प्रभारी निरीक्षक औंग दिनेश कुमार शुक्ल के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आकस्मिक मौत का प्रतीत हो रहा है। फील्ड यूनिट की जांच में शव पर किसी प्रकार की चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शव को जंगली जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की बात भी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही राम सिंह की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में किसानों को मिला एरी रेशम उत्पादन का प्रशिक्षण, वैज्ञानिक तकनीकों से बढ़ेगी आमदनी की उम्मीद

फतेहपुर। हथगाम ब्लॉक के ग्राम चढ़ोआ मजरा सिमरमऊ में शनिवार को “मेरा रेशम, मेरा अभिमान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *