Breaking News

नवोदय विद्यालय में भोजन की थाली में मिला मरा मेंढक, छात्रों ने छोड़ा खाना

गोरखपुर।  महराजगंज के धनेवा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय आवासीय विद्यालय में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब छात्रों को परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, एक छात्र की थाली में सब्जी के बीच में मरा मेंढक दिखाई दिया, जिसके बाद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत खाना खाने से इनकार कर दिया। कई छात्र भोजन छोड़कर अपने-अपने कमरों में लौट गए और पूरे परिसर में असंतोष का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्राचार्य धीरज कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों को शांत कराया और भोजन की पूरी खेप को तुरंत नष्ट कराने के निर्देश दिए। इसके बाद रसोई में दोबारा ताजा भोजन तैयार कराया गया, जिसके बाद छात्रों ने दोबारा भोजन ग्रहण किया।

इस घटना के बाद विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों और अभिभावकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, जिलाधिकारी एवं नवोदय विद्यालय समिति के अध्यक्ष गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में अभी तक नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि भोजन में मरा मेंढक मिलने की बात सही पाई जाती है तो यह अत्यंत गंभीर लापरवाही है। उन्होंने प्राचार्य को मामले की विस्तृत जांच कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देने की बात कही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

About NW-Editor

Check Also

गोरखपुर में BSc छात्र की हत्या का खुलासा: चचेरे भाई ने सोते समय बांके से किए वार, पत्नी से नजदीकी के शक में रची थी साजिश

गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में 19 वर्षीय BSc छात्र कार्तिकेय उर्फ शुभम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *