फतेहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को नगर पालिका परिषद सदर की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में शामिल स्वच्छता वॉलंटियर हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर शहरवासियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए आगे बढ़े। कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई रैली पटेल नगर, पत्थर कटा चौराहा और बिंदकी बस स्टॉप होते हुए जिला अस्पताल पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
रैली के दौरान वॉलंटियरों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’, ‘गंदगी जानलेवा’, ‘हमने ठाना है, फतेहपुर को स्वच्छ बनाना है’, ‘सभी रोगों की एक दवा, घर-घर हो सफाई’ जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली में शामिल वाहनों पर स्वच्छता से संबंधित जिंगल भी बजते रहे।
वॉलंटियरों ने नागरिकों को संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन के लिए इसे रोजमर्रा की आदत बनाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से घर, दुकान और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की बुनियाद है। शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी रूप से सफल बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक डीआरडीए, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता वॉलंटियर मौजूद रहे।
News Wani
