फतेहपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा माह एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में रक्तदान शिविर और क्षय रोगियों को पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एवं श्री बालाजी सेवा न्यास के संयुक्त तत्वावधान में चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव और बिंदकी संयोजक मोना ओमर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, नगर पालिका बिंदकी की चेयरमैन राधा साहू तथा सीएचसी बिंदकी के चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र ने फीता काटकर किया।
रक्तदान शिविर में कुल 10 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जबकि 25 लोगों ने आगामी रेडक्रॉस रक्तदान शिविर में रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। रक्तदान करने वालों में डॉ. धर्मेंद्र, कमलेश कुमार, रवींद्र कुमार शुक्ल, अंकुश कुमार, अविनाश कुमार, अंकित पटेल, निखिल ओमर, विश्वास गुप्ता, आदित्य और राजकुमार साहू सहित अन्य लोग शामिल रहे।
सभी रक्तदाताओं को बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी एवं डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके बाद रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा गोद लिए गए 29 टीबी मरीजों को विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने पोषण सामग्री वितरित की। पोषण किट में भुना चना, मूंगफली के दाने, गुड़, सत्तू और प्रोटीन पाउडर शामिल था।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि रेडक्रॉस द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों को यह पोषण सामग्री उनका चिकित्सकीय कोर्स पूरा होने तक उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य उपचार के दौरान मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करना है, ताकि वे बेहतर तरीके से अपना उपचार पूरा कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने रेडक्रॉस के बिंदकी सदस्यों को मोतियों की माला एवं जय श्रीराम अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मोना ओमर, उमेश श्रीवास्तव, विकास तिवारी, अनूप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विमलेश ओमर, अनूप गुप्ता, जिला अस्पताल के रक्तकेंद्र से अशोक शुक्ल एवं विनोद कुमार तथा बिंदकी सीएचसी से कमल सिंह, जानकी प्रकाश सिंह, नरेंद्र नाथ पांडेय, राजकुमार साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
News Wani
