Breaking News

डॉक्टर ने मेडिकेयर को लगाया 380 करोड़ रुपये का चूना, करोड़ों की धोखाधड़ी का खुलासा

अमेरिका। एक डॉक्टर ने ऐशो-आराम की जिंदगी जीने और महंगी चीजें खरीदने के लिए सारी हदें पार कर दीं. कैलिफोर्निया की एक डॉक्टर को मेडिकेयर से 4.5 करोड़ डॉलर (करीब 380 करोड़ रुपये) की धोखाधड़ी करने के आरोप में दोषी ठहराया गया है. अमेरिकी न्याय विभाग ने डॉक्टर को फर्जी बोटॉक्स इंजेक्शन के दावों के जरिए सरकार को चूना लगाने का दोषी पाया है. जांच में सामने आया है कि 45 साल की डॉक्टर वियोलेट्टा मैइल्यान ने इस धोखाधड़ी की रकम से बेहद आलीशान जिंदगी जी. आरोपी डॉक्टर ने सरकारी पैसों का इस्तेमाल विदेशों में महंगी छुट्टियां बिताने में किया. इतना ही नहीं, उन्होंने इस पैसे से 12,000 डॉलर (लगभग 10 लाख रुपये) का 17वीं शताब्दी का एक दुर्लभ और प्राचीन तीर-कमान (क्रॉसबो) भी खरीदा था.  अदालत ने ग्लेनडेल की रहने वाली वियोलेट्टा को वायर फ्रॉड के 9 मामलों और स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी आपराधिक जांच में बाधा डालने के 3 मामलों में दोषी करार दिया है.

लॉस एंजिल्स के इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश न्याय विभाग की हेल्थ केयर फ्रॉड सेक्शन की ‘डेटा एनालिटिक्स टीम’ ने किया. जब टीम ने मेडिकल दावों के डेटा की बारीकी से जांच की, तो एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया. वियोलेट्टा को बोटॉक्स इंजेक्शन के लिए पूरे अमेरिका में किसी भी दूसरे डॉक्टर की तुलना में मेडिकेयर से सबसे ज्यादा भुगतान किया गया था. वो देश के सभी डॉक्टरों के मुकाबले एक बहुत बड़ा आउटलायर बनकर उभरी थीं, जिससे जांच एजेंसियों का शक गहरा गया. जस्टिस डिपार्टमेंट के राष्ट्रीय धोखाधड़ी प्रवर्तन प्रभाग के सहायक अटॉर्नी जनरल कॉलिन मैकडोनल्ड ने इस मामले पर सख्त बयान दिया है.

उन्होंने कहा, ‘वियोलेट्टा मैइल्यान ने मरीजों की बीमारी का झूठा इलाज किया. जब वो खुद विदेशों में लग्जरी छुट्टियां मना रही थीं, तब उन्होंने बोटॉक्स इंजेक्शन के नाम पर मेडिकेयर को फर्जी बिल भेजे. इसके बाद उन्होंने नकली रिकॉर्ड दिखाकर फेडरल एजेंटों को गुमराह करने की भी कोशिश की.’ मैकडोनल्ड ने आगे कहा कि फ्रॉड डिवीजन का डेटा-ड्रिवन तरीका देश भर में चल रहे ऐसे घोटालों को उजागर कर रहा है. ये तकनीक ये तय करती है कि कोई भी डॉक्टर टैक्सपेयर्स के पैसों को चुराने के लिए इस तरह की ढिटाई भरी साजिश न रच सके.

About NW-Editor

Check Also

कॉन्टैक्टलेंस पहनकर सोने से एक आंख की गई रौशनी

  अमेरिका के फ्लोरिडा में 21 साल के माइक क्रमहोल्ज के आंख की रोशनी इसलिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *