फतेहपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की राज्य परिषद की बैठक में वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ शिक्षक नेता डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को सर्वसम्मति से संगठन का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने पर शिक्षक समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल ने डॉ. मिश्र को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल ने कहा कि डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र सहज, सरल, विनम्र एवं अहंकाररहित व्यक्तित्व के धनी हैं। सभी को साथ लेकर चलने की उनकी संगठनात्मक क्षमता, शिक्षक समाज के प्रति आत्मीयता और वरिष्ठ शिक्षक नेताओं के प्रति सम्मान सदैव प्रेरणादायी रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्र परम श्रद्धेय ओमप्रकाश शर्मा, पंचानन राय एवं मान्धाता सिंह की वैचारिक और संगठनात्मक परंपरा से जुड़े रहे हैं तथा शिक्षक समाज के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान के लिए निरंतर सक्रिय रहे हैं।
आलोक शुक्ल ने कहा कि डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को मिली नई जिम्मेदारी संगठन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उनके अनुभव, सरल व्यवहार, स्पष्ट विचार और संगठन के प्रति समर्पण से शिक्षक संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सम्मान, अधिकार, सेवा-सुरक्षा एवं स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर संगठन की एकजुटता और सक्रियता बेहद महत्वपूर्ण है। वरिष्ठ शिक्षक नेताओं के अनुभव, वर्तमान नेतृत्व की सक्रियता और समर्पित कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के समन्वय से संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास आगे बढ़ाए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र के साथ सुरेश कुमार त्रिपाठी, ध्रुव कुमार त्रिपाठी एवं नरेंद्र कुमार वर्मा को भी शिक्षक संगठन के प्रति उनके योगदान एवं नेतृत्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
News Wani
