धाता, फतेहपुर। धाता इंटर कॉलेज में ब्लॉक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड क्षेत्र के 12 विद्यालयों के 60 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।
प्रतियोगिता में धर्मपाल सिंह इंटर कॉलेज मुबारकपुर गेरिया के छात्र दुर्गेश सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। रामरूप सिंह धनराज सिंह इंटर कॉलेज धाता की छात्रा गौरा सिंह द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं तृतीय स्थान पर तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से जगह बनाई। इनमें अढ़ौली इंटर कॉलेज के अंशु सिंह, निष्पक्ष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गुरसंडी के युवराज तथा धर्मपाल सिंह इंटर कॉलेज मुबारकपुर गेरिया के आशीष कुमार शामिल रहे।
प्रतियोगिता में धाता इंटर कॉलेज, रामरूप सिंह धनराज सिंह इंटर कॉलेज धाता, सरदार वल्लभ भाई पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय शुकुलपुर, अढ़ौली इंटर कॉलेज, चौधरी रामेश्वर सिंह शिव बालक सिंह इंटर कॉलेज बेलाई, अग्रहरि इंटर कॉलेज मुबारकपुर गेरिया, धर्मपाल सिंह इंटर कॉलेज मुबारकपुर गेरिया, निष्पक्ष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गुरसंडी, राजकीय हाईस्कूल ऐरई, गयादीन उच्च माध्यमिक विद्यालय घोसी, दिग्विजय सिंह कन्या इंटर कॉलेज आलमपुर गेरिया और कस्तूरबा विद्यालय धाता के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए।
परिणाम घोषित होने के बाद विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रतियोगिता की निर्णायक समिति में शिवमणि गर्ग, मनीष कुमार और परमेश कुमार शामिल रहे। विद्यालय के शिक्षकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
News Wani
