Breaking News

फतेहपुर में बिजली के तार चोरी का भंडाफोड़, 3 आरोपी दबोचे गए; 700 किलो एल्युमिनियम तार समेत सामान बरामद

फतेहपुर। कल्याणपुर पुलिस ने विद्युत लाइनों से तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप में लदा करीब 700 किलोग्राम एल्युमिनियम विद्युत तार, दो कारें, तार काटने वाले दो कटर, खंभों पर चढ़ने वाली लोहे की चप्पल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरोह सुनसान इलाकों में विद्युत लाइनों की रेकी करता था। इसके बाद रात में बिजली के खंभों पर चढ़कर तार काटे जाते थे। चोरी किए गए तार को कबाड़ियों के यहां बेचकर गिरोह के सदस्य आर्थिक लाभ कमाते थे।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को विद्युत उपकेंद्र बिंदकी रोड द्वितीय के अवर अभियंता सुंदरम सिंह यादव ने कल्याणपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि ग्राम गंगौली के बाहर निर्माणाधीन 11 केवी लाइन और महारहा-बिंदकी मार्ग से जुड़ी 33 केवी लाइन के तार चोरों ने काट दिए थे। चोरों ने करीब 17 पोल की 11 केवी लाइन और 13 पोल की 33 केवी लाइन के तार काटे थे। इस दौरान तीन बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हुए थे।

मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुमित कुमार धानुक निवासी शक्तिनगर, शुक्लागंज, शिवांशु गुप्ता उर्फ लकी गुप्ता निवासी पोनी रोड, शुक्लागंज और राजेश पटेल निवासी बगहा बीघापुर, उन्नाव को गिरफ्तार किया।

ठेकेदारी की आड़ में करते थे तार चोरी

पूछताछ में राजेश पटेल ने पुलिस को बताया कि वह पहले निजी विद्युत ठेकेदारी का काम करता था। इसी वजह से उसे बिजली की लाइनों और तारों की तकनीकी जानकारी थी। वह सुनसान स्थानों की रेकी कर चोरी के लिए सुरक्षित रास्ते और उपयुक्त स्थान चिह्नित करता था।

पुलिस के मुताबिक इसके बाद ठेकेदारी की आड़ में मजदूरों को विद्युत लाइन उतारने के काम का झांसा देकर साथ ले जाया जाता था। रात में बिजली के खंभों पर चढ़कर तार काटे जाते थे। चोरी किए गए तार को कबाड़ियों और अन्य स्थानों पर बेचकर गिरोह मुनाफा कमाता था।

यह सामान हुआ बरामद

आरोपियों के कब्जे से करीब 700 किलो एल्युमिनियम विद्युत तार, तार से लदी महिंद्रा पिकअप, स्विफ्ट और ऑल्टो कार, दो तार कटर, खंभे पर चढ़ने वाली एक जोड़ी लोहे की चप्पल, तीन एंड्रॉयड और एक कीपैड मोबाइल फोन तथा 1,140 रुपये नकद बरामद किए गए।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रविशंकर, उपनिरीक्षक मंगेश कुमार मिश्रा, अनुज कुमार मिश्रा, विवेक कुमार, शिवनारायण सिंह, कांस्टेबल नीलेश कुमार, कुलदीप सिंह और रिजर्व आर्म्ड कांस्टेबल अंकित कुमार दुबे शामिल रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में 24 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 24 वर्षीय महिला ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *