फतेहपुर। जिला अस्पताल में रक्त की कमी को देखते हुए गुरुवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के संयोजन में विकास भवन सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा के मार्गदर्शन एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा रहे, जबकि जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। शिविर में कुल छह यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि 15 लोगों ने आगामी रक्तदान शिविर के लिए अपना पंजीकरण कराया।
रक्तदान करने वालों में सबसे पहले जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा ने रक्तदान कर अन्य लोगों को प्रेरित किया। इसके बाद सूरज सविता, रामेश्वर, अखिलेश कुमार, रणजीत सिंह तथा सुधांशु श्रीवास्तव ने भी मानव सेवा के उद्देश्य से स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर के समापन पर जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अत्यधिक बारिश के कारण कई इच्छुक रक्तदाता शिविर तक नहीं पहुंच सके। इसे देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी ने जल्द ही पुनः रक्तदान शिविर आयोजित करने की घोषणा की।
मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना की। वहीं डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने विकास भवन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रक्तदाताओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला अस्पताल रक्त केंद्र से डॉ. डी.के. वर्मा, रक्त संचरण समिति के संयोजक अशोक शुक्ला, बृजकिशोर, विनोद कुमार, अजय कुमार, कमला प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
News Wani
