Breaking News

फतेहपुर में सड़क हादसे में पूर्व सैनिक के बेटे की हुई मौत: सैनिक संगठन ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल

फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान समिति के पदाधिकारियों ने संगठन के महासचिव फूल सिंह लोधी के पुत्र योगेंद्र लोधी की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। योगेंद्र की नौ सितंबर को घर से मोटरसाइकिल से जाते समय एक कार की जोरदार टक्कर लगने से मौत हो गई थी। मामले में थाना कोतवाली सदर में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

मृतक के पिता फूल सिंह लोधी ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी को बताया कि दुर्घटना के समय कार में पांच लोग सवार थे और आरोप है कि सभी नशे की हालत में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार इससे पहले राधानगर क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे। इसी दौरान कार ने उनके पुत्र योगेंद्र की मोटरसाइकिल को भी जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल योगेंद्र की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि घटना के कुछ ही समय बाद पुलिस ने पकड़े गए लोगों को छोड़ दिया। इसे लेकर पूर्व सैनिक उत्थान समिति के पदाधिकारियों में नाराजगी है।

पूर्व सैनिक उत्थान समिति के प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने बताया कि मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी से मुलाकात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बताया गया कि वह पशुओं से लदे ट्रकों को पकड़ने की कार्रवाई में व्यस्त हैं और उस समय मुलाकात संभव नहीं है। वहीं, कचहरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनमोल सिंह से भी मामले में बातचीत का प्रयास किया गया।

अध्यक्ष के अनुसार, करीब तीन घंटे में 11 बार फोन करने के बावजूद चौकी प्रभारी ने फोन नहीं उठाया। इससे संगठन के पदाधिकारियों में काफी नाराजगी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को संगठन का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा और पूरे मामले की जानकारी देकर वास्तविक आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा।

 

इस दौरान भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री, राजकुमार तिवारी, जागृति तिवारी, लखनलाल विश्वकर्मा, राम सजीवन, देवेंद्र कुमार शुक्ला, रामराज अवस्थी, राजेश कुमार शुक्ला समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

किशुनपुर थाने में जब्त 768 लीटर अवैध शराब नष्ट, 46 मुकदमों का हुआ निस्तारण

फतेहपुर। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत किशुनपुर पुलिस ने न्यायालय के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *