न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। पारिवारिक रिश्तों को टूटने से बचाने और आपसी विवादों का समाधान कराने के उद्देश्य से बांदा पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में परिवार परामर्श केंद्र की टीम और समाजसेवियों की पहल पर एक परिवार के बीच चल रहा विवाद आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। दोनों पक्षों ने पुराने मतभेद भुलाकर खुशी-खुशी साथ रहने का फैसला किया।
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे पारिवारिक विवाद निस्तारण अभियान के तहत यह पहल की गई। जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी शाहिद पुत्र शौकत ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पारिवारिक विवाद की शिकायत की थी।
शिकायत मिलने के बाद परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना। इसके बाद दूसरे पक्ष से संपर्क कर उन्हें भी परामर्श केंद्र बुलाया गया। यहां दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद काउंसलिंग के माध्यम से आपसी मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया।
समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने भविष्य में आपस में विवाद और लड़ाई-झगड़ा न करने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने पर सहमति जताई। आपसी सुलह होने के बाद परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों को आपसी सामंजस्य, प्रेम और सहयोग के साथ जीवन बिताने की सलाह दी।
परामर्श केंद्र की टीम में ये रहे शामिल
इस दौरान निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह, पुलिस काउंसलर प्रदीप कुमार तिवारी, उर्दू अनुवादक सगीर अहमद, महिला हेड कांस्टेबल शिवकली, महिला कांस्टेबल साक्षी और महिला कांस्टेबल स्नेहलता मौजूद रहीं।
News Wani
