न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा।
बांदा। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। बांदा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए संबंधित कथावाचक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
राजेश दीक्षित ने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण दोनों ही सनातन धर्म के आराध्य हैं। किसी एक को श्रेष्ठ और दूसरे को कमतर बताना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां धार्मिक भावनाओं को आहत करने के साथ ही समाज में विभाजन पैदा कर सकती हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि ब्रज क्षेत्र के संतों और यादव समाज सहित बड़ी संख्या में लोग इस बयान से आहत हैं। उन्होंने मांग की कि धार्मिक भावनाएं भड़काने और सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही उत्तर प्रदेश में उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों पर रोक लगाने और मथुरा-वृंदावन पहुंचकर ब्रजवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं एआईसीसी सदस्य रमेश कोरी ने भी बयान की निंदा करते हुए इसे समाज को बांटने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां बेहद निंदनीय हैं और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
राजेश दीक्षित ने कहा कि केवल माफी मांगने से मामला समाप्त नहीं होगा। उनके मुताबिक, इस तरह के बयान सुर्खियों में बने रहने के उद्देश्य से दिए जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
News Wani
