Breaking News

चिल्ला सब्जी मंडी में अचानक जमीन पर गिरा 36 वर्षीय युवक,जिला अस्पताल पहुंचते ही हुई मौत; आखिर मौत से पहले कहां चल रहा था युवक का इलाज

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। चिल्ला सब्जी मंडी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 36 वर्षीय एक युवक अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक के हाथ में इलाज के दौरान लगाया जाने वाला कैनुला (विगो) लगा हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान चन्द्रिका (36) पुत्र लोटन, निवासी ग्राम एवं पोस्ट गुमानगंज (शहबाजपुर), थाना नरैनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक किसी निजी चिकित्सक से उपचार कराने के बाद चिल्ला सब्जी मंडी पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से 108 एंबुलेंस बुलवाई और युवक को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

हाथ में लगा कैनुला बना चर्चा का विषय

युवक के हाथ में लगा कैनुला अब उसकी मौत से पहले हुए उपचार को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर युवक किस बीमारी से पीड़ित था? उसका इलाज कहां चल रहा था? किस चिकित्सक या क्लीनिक में उसे उपचार दिया गया था? क्या संबंधित क्लीनिक स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत था और इलाज करने वाला व्यक्ति योग्य चिकित्सक था? इन सवालों के जवाब सामने आना अभी बाकी है।

बिना पंजीकरण चल रहे क्लीनिकों की जांच की मांग

घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कथित झोलाछाप चिकित्सकों और बिना पंजीकरण संचालित हो रहे निजी क्लीनिकों की निगरानी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से युवक के उपचार से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमों के विरुद्ध संचालित क्लीनिकों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी। यह भी जांच का विषय है कि युवक का घटना से पहले कहां और किसके द्वारा इलाज किया गया था।

About NW-Editor

Check Also

भगवान राम और श्री कृष्ण को लेकर दिए गए विवादित बयान से फैला आक्रोश, धीरेंद्र शास्त्री पर हो कार्यवाही: राजेश

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बांदा। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *