Breaking News

जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर गई AryaRise Foundation की दिवाली; -दीप प्रज्ज्वलन, ध्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जन्मदिन उत्सव और उपहार वितरण के साथ मनाया गया दीपावली महोत्सव

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बाँदा।  त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के हर वर्ग तक उनका प्रकाश पहुंचे। इसी उद्देश्य के साथ बांदा में आर्य राइज फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों और उनके परिवारों के साथ दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपहार, मिठाइयां और शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं सॉफ्टवेयर इंजीनियर कृष्णा सिंह ने बच्चों को ओमकार जाप के साथ गाइडेड मेडिटेशन कराया। लगभग पांच मिनट तक सकारात्मक सोच एवं एनएलपी आधारित अभ्यास के माध्यम से बच्चों को आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बच्चों ने ‘मैं खुश हूं, मैं स्वस्थ हूं और मैं सक्षम हूं’ जैसे सकारात्मक संकल्प दोहराए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में अभिभवीर सिंह ने हनुमान चालीसा का पाठ किया, जबकि आरव सिंह ने शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उन बच्चों का जन्मदिन भी मनाया गया, जिनका जन्मदिन इसी अवसर पर था। सभी ने मिलकर केक काटा और बच्चों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूनम गुप्ता ने बच्चों को माता-पिता का सम्मान करने और जीवन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की सीख दी। पीके सिंह ने कर्तव्य पालन एवं देशप्रेम का संदेश दिया, वहीं राहुल जैन ने बच्चों की शिक्षा, व्यक्तिगत विकास और आगे बढ़ने में सहयोग का आश्वासन दिया।

उत्सव को यादगार बनाने के लिए बच्चों और उनके अभिभावकों ने मिलकर आकर्षक रंगोली बनाई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर प्रकाश पर्व का संदेश दिया गया। बच्चों के बीच केक, लड्डू, मिठाइयां और फल वितरित किए गए। साथ ही उन्हें कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। बच्चों के साथ उनके माता-पिता को भी कपड़े वितरित किए गए। बच्चों के मनोरंजन के लिए सुरक्षित एवं सीमित आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आर्य राइज टीम के सोनम सिंह, ओम सिंह परिहार, शिवांश सिंह, श्याम जी, मानवेन्द्र सिंह पटेल (टिंकू), सुयश सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बजरंग संस्कार केंद्र के संचालक धनीराम का भी विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में विजय राहुल सिंह, पुरुषोत्तम कुमार सिंह (सेवानिवृत्त रेलवे इंस्पेक्टर), किडजी इंदिरानगर बांदा के डायरेक्टर सौरभ चंद्र गुप्ता, आर. कन्या विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम गुप्ता, स्वच्छ भारत मिशन बांदा के ब्रांड एंबेसडर राहुल जैन, प्रमिला शिवहरे, रंजना सिंह, कौमुदी सिन्हा, रवि श्रीवास्तव, प्रतिभा सिंह, पुष्पा सिंह, प्रिया गुप्ता, प्रियदर्शिनी अवस्थी, प्रियंका अवस्थी, शालिनी अवस्थी, स्वेच्छा द्विवेदी, मानू सिंह परिहार, आदित्य सिंह परिहार, रूपेंद्र सिंह, राहुल सिंह (गुड्डू), राहुल महाराज महोखर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा कुंवर कुंभित सिंह एवं परिवार, अंजना गोयल, सीआरआई पंप्स के डीलर शान सिंह एवं परिवार, मंडपम मैरिज हॉल की संचालिका सुहासिनी श्रीवास्तव, बृजमोहन शर्मा (पुलिस) एवं परिवार, अखिलेन्द्र मिश्रा सहित अन्य सहयोगियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई।

शिक्षा और सामाजिक बदलाव के लिए संस्था का संकल्प

संस्था की ओर से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क ट्यूशन एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास, अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को मजबूत बनाना है।

कार्यक्रम के अंत में कृष्णा सिंह ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि कोई भी बच्चा आर्थिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा, अवसर और खुशियों से वंचित न रहे।

संस्था ने शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन के माध्यम से बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प दोहराया।

About NW-Editor

Check Also

चिल्ला सब्जी मंडी में अचानक जमीन पर गिरा 36 वर्षीय युवक,जिला अस्पताल पहुंचते ही हुई मौत; आखिर मौत से पहले कहां चल रहा था युवक का इलाज

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। चिल्ला सब्जी मंडी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *