Breaking News

बांदा में सपा ने PDA पंचायत के जरिए दिखाई संगठनात्मक ताकत, 2027 चुनाव की तैयारी का आह्वान

न्यूज़ वाणी ब्यूरो नरैनी, बांदा। नरैनी स्थित राजकुमार इंटर कॉलेज में समाजवादी पार्टी की ओर से PDA पंचायत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं को सामाजिक न्याय, समानता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि PDA केवल राजनीतिक नारा नहीं है, बल्कि पीड़ित, शोषित, वंचित और अपमानित वर्गों को सम्मान, अधिकार तथा समाज में उचित भागीदारी दिलाने का अभियान है। समाजवादी पार्टी हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और आपसी भाईचारे के सिद्धांतों पर चलती रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में PDA की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं। जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए समाजवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करें।

जिलाध्यक्ष एडवोकेट उमेश यादव ने कहा कि बांदा जनपद का प्रत्येक समाजवादी कार्यकर्ता PDA की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता होता है। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी की नीतियों, विकास कार्यों और सामाजिक न्याय के संदेश को प्रत्येक गांव, कस्बे और बूथ तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि नेताजी ने जीवनभर किसानों, नौजवानों, गरीबों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्हीं के विचारों को आगे बढ़ाते हुए अखिलेश यादव के नेतृत्व में सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को मजबूती देनी है।

सम्मेलन के दौरान बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और PDA पंचायतों को अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सपा नेता कुदरत उल्ला खान ने किया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष उमेश यादव, कर्वी जिलाध्यक्ष भईया लाल यादव, सांसद कृष्णा देवी, विशंभर निषाद, राजा भईया वर्मा, सुमन दिवाकर, भरत दिवाकर, महेंद्र वर्मा, किरण यादव, पूजा प्रजापति, नीलम यादव, सत्य नारायण सोनकर, सुंदर अनुरागी, अशोक गौर, प्रमोद गुप्ता राजा, इमरान अली राजू, वीरेंद्र गुप्ता बाबू, ओम नारायण त्रिपाठी विदित, मुन्ना पटेल, आमिर खान मन्नी, कमल पाल, वृंदावन वैश्य, राजकुमार गुप्ता राजू, रामलाल प्रजापति, शनि रशनिया, जगमोहन यादव, निलेश श्रीवास, दिलीप पटवा, मुलायम यादव ओपी और रहीस खान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, विधानसभा क्षेत्र के नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

भगवान राम और श्री कृष्ण को लेकर दिए गए विवादित बयान से फैला आक्रोश, धीरेंद्र शास्त्री पर हो कार्यवाही: राजेश

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बांदा। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *