Breaking News

जलनिकासी की लापरवाही से सहकारी समिति में लाखों की खाद बर्बाद, किसानों का फूटा गुस्सा

खागा, फतेहपुर। धाता विकासखंड के अंतर्गत रोहिल्लापुर पंचायत स्थित पौली सहकारी साधन समिति में भारी जलभराव के कारण बड़ी मात्रा में यूरिया और डीएपी खाद खराब होने का मामला सामने आने के बाद किसानों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार को सैकड़ों किसान और ग्रामीण सहकारी समिति परिसर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

किसानों का आरोप है कि समिति परिसर के पास स्थित बड़े नाले तथा पंचायत की नालियों की कई वर्षों से सफाई नहीं कराई गई। इसके चलते नाले पूरी तरह चोक हो गए। लगातार बारिश के बाद पानी की निकासी नहीं हो सकी, जिससे पूरा समिति परिसर जलमग्न हो गया और वहां रखी खाद भी पानी में डूबकर खराब हो गई।

सहकारी साधन समिति के सचिव सचिन मानसिंह ने बताया कि जलभराव के कारण 105 बोरी यूरिया और 65 बोरी डीएपी खाद खराब हो गई है, जिससे समिति को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।

वहीं, किसानों और ग्रामीणों ने पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि गांव में वर्षों से नालियों और नालों की सफाई नहीं कराई जा रही है। इसके कारण गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

प्रदर्शन कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, खराब हुई खाद का आकलन कराया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा ग्राम पंचायत में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर चोक पड़े नालों और नालियों की सफाई कराई जाए।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

जिला अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल, घायल मरीज ने इलाज और ऑपरेशन खर्च को लेकर लगाए गंभीर आरोप

फतेहपुर। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। हाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *