Breaking News

किसान की बेटी मोनिका ने संस्कृत बोर्ड परीक्षा में पाया दूसरा स्थान

– मेधावी छात्राओं का माला पहनाकर स्वागत करते प्रधानाचार्य।
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष कक्षा 10 वीं की परीक्षा में श्री पगलेश्वर संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, करेरा तपनी की छात्रा मोनिका देवी ने कीर्तिमान स्थापित किया है। मोनिका ने 81 प्रतिशत अंक अर्जित कर न केवल विद्यालय में प्रथम, बल्कि पूरे जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। छात्रा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र और विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर है। मोनिका देवी की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और अटूट लगन का प्रतिफल है। खजुआ विकास खंड के ग्राम रुरवा दौलतियापुर (बनियानी) के निवासी किसान शिवमंगल की पुत्री मोनिका के पास संसाधनों का नितांत अभाव था। कक्षा 8 के बाद एक समय ऐसा भी आया जब संसाधनों की कमी के कारण उनकी शिक्षा बंद होने की कगार पर थी, लेकिन पुत्री के जज्बे को देखते हुए माता-पिता ने हिम्मत जुटाई और उनका प्रवेश श्री पगलेश्वर संस्कृत माध्यमिक विद्यालय में कराया। मोनिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। संस्थान की अन्य छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। कक्षा 10 वीं में रितिका एवं दिव्या देवी ने 75 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में दूसरा स्थान, जबकि प्रियंका देवी एवं प्रिया देवी ने 73 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (कक्षा 12वीं) में ज्योति देवी ने विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मोनी देवी दूसरे और अंशु तीसरे स्थान पर रहीं। परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक आलोक कुमार सिंह ने मेधावी छात्रा मोनिका देवी को माल्यार्पण कर, मिठाई खिलाई और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्री रमानाथ द्विवेदी ने छात्राओं के परिश्रम की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के मंत्री शिव कुमार सिंह, करेरा ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह, कमलकांत त्रिवेदी, सर्वेश कुमार, चिंतामणि और अजीत कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही शिक्षक ओमदत्त द्विवेदी, प्रिया साहू, उर्मिला त्रिपाठी और रुचि देवी ने भी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

About NW-Editor

Check Also

भारत के शौर्य स्वरूप को दर्शाने वाला एपीसोड: अन्नू श्रीवास्तव

– भाजपाईयों ने सुनी पीएम मोदी के मन की बात – पीएम मोदी के मन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *