फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन की बैठक बुधवार को अयाह शाह कस्बे में ब्लॉक महासचिव प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शाह पुलिस चौकी की कार्यशैली और चौकी आने वाले फरियादियों के साथ कथित खराब व्यवहार को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें टरका दिया जाता है। मामले को लेकर संगठन ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया।
बैठक में किसानों ने कई मामलों का उल्लेख करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। किसान दीपक गुप्ता ने बताया कि उनके खेत की मेड़ तोड़कर दूसरे पक्ष ने जमीन को अपने खेत में मिला लिया। शिकायत लेकर शाह चौकी पहुंचने पर मामले को राजस्व विभाग से संबंधित बताते हुए उन्हें वापस कर दिया गया।
इसी तरह किसानों ने बताया कि पशुओं को बांधने के लिए निर्धारित स्थान पर कुछ अराजकतत्वों द्वारा मौरंग, ईंट आदि रखकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई करने के बजाय उनके कृषि यंत्र और पशु हटाने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे अवैध कब्जे को बढ़ावा मिल रहा है।
किसानों ने पत्थरगढ़ी के बाद पत्थर उखाड़े जाने के मामले का भी उल्लेख किया। उनका आरोप था कि एफआईआर दर्ज किए जाने के आदेश के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
बैठक में मौजूद किसानों ने चौकी प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों पर मनमाने ढंग से कार्य करने के आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की। साथ ही शाह पुलिस चौकी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की मांग भी उठाई गई।
किसानों की शिकायतें सुनने के बाद चौकी प्रभारी ने समस्याओं का जल्द समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही जारी रही तो प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेगा।
इस मौके पर दीपक गुप्ता, रंजीत यादव, उग्रसेन सिंह, राजकुमार मौर्य, पुत्तन सिंह, विक्रम सिंह, विश्वजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, हरिओम सिंह, रंजीत लोधी, रामकुमारी, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।
News Wani
