Breaking News

किसानों ने प्रशासन के सामने रखीं कई मांगें, बिंदकी तहसील में गूंजे समस्याओं के मुद्दे

फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के तत्वावधान में गुरुवार को बिंदकी तहसील परिसर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में किसानों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। मौके पर एसडीएम बिंदकी, पुलिस उपाधीक्षक बिंदकी और तहसीलदार बिंदकी पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर उनका ज्ञापन लिया और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम और किसान नेता अंकित सिंह चौहान ने शिरकत की। महापंचायत की अगुवाई तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह गौतम उर्फ बबलू सिंह ने की।

किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि 16 सितंबर को सड़क जाम करने के मामले में किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं। संगठन के कार्यकर्ता सुशील के ऊपर दर्ज मुकदमे भी समाप्त किए जाएं।

किसानों ने धान खरीद के कांटों को सुचारु रूप से संचालित कराने और बोरों में कम से कम 10 कुंतल धान के सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। ज्ञापन में अमौली ब्लॉक के चांदपुर गांव में करीब 20 वर्षों से बंद पड़ी खाद की सोसायटी को तत्काल शुरू कराने की मांग भी की गई।

किसानों ने बताया कि क्षेत्र में जंगली जानवरों और अन्ना पशुओं के कारण फसलों को लगातार नुकसान हो रहा है। इसलिए तत्काल गौशाला शुरू कराने की मांग की गई। इसके अलावा बिजली विभाग से घरेलू फीडर की आपूर्ति शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक बाधित न किए जाने की मांग की गई।

किसानों ने समितियों में डीएपी समेत अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा सरकारी बीज भंडारों में किसानों के शोषण पर रोक लगाकर पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराने की मांग की।

बिंदकी मंडी में आढ़तियों द्वारा टीडीएस की दो प्रतिशत कटौती बंद कराने, छह आर काटे जाने तथा धान में किसी भी प्रकार की कटौती न किए जाने की मांग भी किसानों ने रखी।

इसके अलावा हरदौलीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर 62सी अंडरपास बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। किसानों का कहना था कि रेलवे लाइन पार करते समय हादसे की आशंका बनी रहती है, इसलिए यहां अंडरपास का निर्माण जरूरी है।

महापंचायत के दौरान किसानों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराने की मांग की। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

इस मौके पर प्रदीप सिंह चौहान, प्रीतम सिंह चंदेल, छोटे सिंह, दीपक गुप्ता, बबलू सिंह, महेंद्र सिंह भदौरिया, पुत्तन दुबे, रंजीत यादव, सुखीराम, अंगद सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

आंधी में बिजली का खंभा ई-रिक्शा पर गिरा, चालक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के पास बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *