फतेहपुर। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 127 लोगों के चेहरे मंगलवार को उस समय खिल उठे, जब फतेहपुर पुलिस ने उनके मोबाइल फोन बरामद कर वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस ने करीब 19 लाख रुपये कीमत के 127 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में गुम और खोए मोबाइल की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में सीसीटीएनएस टीम ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं के आधार पर मोबाइल की लोकेशन और तकनीकी जानकारी जुटाई गई। इसके बाद संबंधित थानों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए।
बरामद मोबाइल फोन का सत्यापन कराने के बाद उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया गया। सबसे अधिक 20 मोबाइल बिंदकी थाना क्षेत्र से बरामद हुए। इसके अलावा कोतवाली से 14, असोथर से 12, गाजीपुर से 11, राधानगर से 10, थरियांव से 8 तथा हुसैनगंज और ललौली से 7-7 मोबाइल बरामद किए गए।
हथगांव और चांदपुर से 6-6, खागा से 5, खखरेरू से 4, जबकि मलवां, धाता, बकेवर और औंग से 3-3 मोबाइल बरामद हुए। किशनपुर और सुल्तानपुर घोष से 2-2 तथा जहानाबाद से एक मोबाइल बरामद किया गया। कल्याणपुर और जाफरगंज से कोई मोबाइल बरामद नहीं हुआ।
मोबाइल वापस मिलने वाले लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने कहा कि गुम या खोए मोबाइल की सूचना दर्ज कराने के साथ सीईआईआर पोर्टल पर जानकारी उपलब्ध कराने से पुलिस को मोबाइल बरामद करने में मदद मिलती है। पुलिस की तकनीकी टीम ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है।
News Wani
