Breaking News

फतेहपुर में त्योहारों को लेकर प्रशासन सख्त, उपद्रवियों पर रहेगी पैनी नजर; बाजारों में बनेगा ट्रैफिक प्लान

फतेहपुर। आगामी शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा, विजयादशमी, दशहरा, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा व भैया दूज को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली, यातायात, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा।

कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जिलेवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व हर्ष, उल्लास, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशी के बीच किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने मूर्ति विसर्जन, मेला, रामलीला और शोभायात्रा वाले मार्गों का पहले से निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को दिए। विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने के साथ मानक के अनुसार विसर्जन के लिए गड्ढों की व्यवस्था कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्गा पंडाल पारंपरिक स्थलों पर ही लगाए जाएं। आयोजन समितियां अपने वालंटियर तैनात करने के साथ संबंधित थाना या चौकी को भी इसकी सूचना दें।

साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों पर भी रहेगी नजर

त्योहारों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। दुर्गा पंडालों, रामलीला मैदानों, मेला स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित साफ-सफाई के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया।

मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम

पटाखों की बिक्री निर्धारित मानकों के अनुसार कराने और बिक्री स्थलों पर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। लोगों से बंद कमरों में पटाखे नहीं जलाने की अपील भी की गई।

त्योहारों में बिजली की बढ़ती जरूरत को देखते हुए विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा गया, ताकि किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।

बाजारों और मेला स्थलों पर ट्रैफिक प्लान

भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेला स्थलों पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार यातायात का सुचारु संचालन कराया जाए।

बाजारों और मेलों के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। मेले, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

उन्होंने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा जाएगा। माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पीस कमेटी के सदस्यों से लिए सुझाव

बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों को लेकर समस्याएं, सुझाव और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समय से समाधान कराने के निर्देश दिए।

जिन थानों में पीस कमेटी की बैठक अभी शेष है, वहां तत्काल बैठक आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला, आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में 12, 14 और 16 अक्टूबर को होंगे सामूहिक विवाह, 995 जोड़ों के लिए प्रशासन ने तय किए आयोजन स्थल

फतेहपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में इस बार 995 जोड़ों के हाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *